यूजेवीएनएल के विद्युत उत्पादन में बढ़ोतरी, पांच मिलियन यूनिट की वृद्धि दर्ज
देहरादून, 25 अप्रैल (हि.स.)। यूजेवीएन लिमिटेड ने अपने विद्युत गृहों के सुदृढ़ प्रबंधन, बेहतर समन्वय और सुव्यवस्थित कार्ययोजना के चलते हाल के दिनों में विद्युत उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। पिछले करीब 10 दिनों के आंकड़ों के अनुसार, रामगंगा जल विद्युत परियोजना के संचालन से निगम के कुल उत्पादन में लगभग 5 मिलियन यूनिट की वृद्धि दर्ज की गई है।
बढ़ती गर्मी और विद्युत मांग को देखते हुए निगम उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी क्रम में 19 अप्रैल को कालागढ़ स्थित रामगंगा जल विद्युत परियोजना का संचालन उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित कर शुरू कराया गया, जिससे कुल उत्पादन में सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
निगम के अनुसार, परियोजना का संचालन सिंचाई के लिए जल छोड़े जाने पर निर्भर करता है। वर्तमान में विभिन्न नदियों का जल स्तर पिछले वर्ष की तुलना में कम है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, बढ़ती गर्मी के साथ ग्लेशियरों के पिघलने से जल स्तर में सुधार की संभावना है, जिससे आगामी समय में उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि निगम उपलब्ध जल संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के पीक आवर्स में निगम अपनी 1000 मेगावाट स्थापित क्षमता के मुकाबले लगभग 886 मेगावाट उत्पादन कर रहा है, जिससे राज्य की लगभग 2600 मेगावाट की पीक मांग का एक-तिहाई हिस्सा पूरा किया जा रहा है।
निगम आगामी माह में उत्पादन बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। रामगंगा परियोजना के अलावा अन्य विद्युत गृहों की मशीनों का वृहद अनुरक्षण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इन कार्यों की निगरानी उच्चाधिकारियों के साथ-साथ मुख्यालय स्तर से भी की जा रही है।
साथ ही, विभिन्न परियोजनाओं में आधुनिकीकरण, नवीनीकरण एवं उच्चीकरण के कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं। प्रबंध निदेशक ने विश्वास जताया कि इन प्रयासों के पूर्ण होने के बाद मशीनों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और विद्युत उत्पादन में और सुधार आएगा।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

