सब जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में ऊधमसिंहनगर बना चैंपियन
हरिद्वार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन की ओर से दिव्य प्रेम सेवा मिशन में दो दिवसीय 24वीं सब जूनियर राज्य कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन स्व. पुरुषोत्तम दास ‘मुन्ना जी’ की स्मृति में किया गया।
चैंपियनशिप में हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी सहित 12 टीमों ने प्रतिभाग किया। सेमीफाइनल के पहले रोमांचक मुकाबले में पिथौरागढ़ ने देहरादून को 31-29 के मामूली अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में ऊधमसिंह नगर ने नैनीताल को एकतरफा मुकाबले में 35-12 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में भारतीय कबड्डी खिलाड़ी अर्जुन देशवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि अर्जुन देशवाल ने बीईजी, रुड़की में ज्वाइनिंग के बाद वर्ष 2018 में उत्तराखंड की ओर से प्रतिभाग किया। अर्जुन के कोच उपेंद्र मलिक ने कहा कि यह खिलाड़ी उत्तराखंड की देन है और दो एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल कर चुका है।
फाइनल मुकाबले में ऊधमसिंहनगर और पिथौरागढ़ के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 42-42 अंकों की बराबरी पर रहीं। इसके बाद मैच पांच रेड के मुकाबले तक पहुंचा, जिसमें ऊधमसिंह नगर ने पिथौरागढ़ को 47-45 से हराकर चौंपियनशिप अपने नाम कर ली। नैनीताल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
पुरस्कार वितरण में आशीष भैय्या, महेश जोशी, ऋषिपाल सिंह, मेजर सिंह, शलभ मित्तल, मनोज नेगी, दिनेश कैंतुरा, नितिन राठी, पंकज राठी, आशीष कुमार, रवि कुमार, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।
इससे पूर्व प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर प्रदीप चौधरी (पूर्व चेयरमैन), प्रमोद पांडेय (जिला युवा कल्याण अधिकारी), रविंद्र भंडारी (जिला खेल अधिकारी), दिनेश शर्मा, अजय भारद्वाज, अर्चित मित्तल सहित बड़ी संख्या में पूर्व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

