home page

धनतेरस पर पीएनबी की अनूठी पहल, गंगा सभा और शांतिकुंज को भेंट किए दो वाहन

 | 
धनतेरस पर पीएनबी की अनूठी पहल, गंगा सभा और शांतिकुंज को भेंट किए दो वाहन


हरिद्वार, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस के शुभ अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक ने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वच्छ हरिद्वार अभियान को मजबूती देने की पहल की। बैंक की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत गंगा सभा और शांतिकुंज गायत्री परिवार को एक-एक वाहन भेंट किया गया। इन वाहनों से शहर में स्वच्छता संबंधी कार्यों को गति मिलने के साथ ही स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के अंचल प्रमुख अनुपम ने दोनों वाहनों को संबंधित संस्थाओं को समर्पित किया। इस दौरान बैंक के अधिकारियों ने कहा कि बैंक केवल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। स्वच्छता अभियान के लिए दिए गए दोनों वाहन शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में बैंक के उप अंचल प्रमुख अभिजित सिन्हा, हरिद्वार मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश, उप मंडल प्रमुख अविनाश, सहायक महाप्रबंधक अंकुर, एलडीएम दिनेश गुप्ता, मुख्य प्रबंधक अतुल मोहन गुप्ता, मुख्य प्रबंधक गोपाल और शांतिकुंज शाखा प्रबंधक आरती वर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक एवं बैंककर्मी उपस्थित रहे।

गंगा सभा की ओर से अध्यक्ष नितिन गौतम और स्वागत मंत्री सिद्धार्थ चक्रपाणि ने सहभागिता की। वहीं, शांतिकुंज गायत्री परिवार की ओर से ट्रस्टी शेफाली पांडया, व्यवस्थापक योगेंद्र गिरि और जगदीश लाल मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिनिधियों ने पंजाब नेशनल बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं को मिलने वाला यह सहयोग स्वच्छता के प्रयासों को और प्रभावी बनाने में सहायक होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला