home page

चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही कार के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत

 | 
चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही कार के खाई में गिरने से दो लोगों की मौत


नई टिहरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पाली स्थित रिवर व्यू कैफे के पास वीरवार को एक दर्दनाक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। जिससे वाहन चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भर्ती कराया है।

थाना देवप्रयाग पुलिस के अनुसार कार संख्या एचआर-68-सी1242 में सवार लोग चंडीगढ़ से उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जा रहे थे। इसमें चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। वाहन देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। कोतवाली प्रभारी कृष्ण कांत ने बताया कि हादसे में सत्येश्वरी देवी (72) पत्नी हुकम सिंह निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, चमोली और वाहन चालक अनिल (33) निवासी किमोली पारतोली, चमोली की मौत हो गई। जबकि दुर्घटना में घायल उत्तम सिंह (33) पुत्र श्री मोहन सिंह निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग, टीशा रावत (18) पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, सुनीता देवी (45) पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत दोनों निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग को एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकाला।

तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि परिवार चंडीगढ़ से पूजा के लिए रुद्रप्रयाग जा रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ ने मौके पर मोर्चा संभाला। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। सूचना पर एसडीएम पंकज भट्ट भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता किया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मृतक परिजनों को दे दी है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी