home page

खेत से लेकर बाथरूम तक पहुंच गए मगरमच्छ

 | 
खेत से लेकर बाथरूम तक पहुंच गए मगरमच्छ


हरिद्वार, 13 जून (हि.स.)। लक्सर वन क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो अलग-अलग स्थानों पर मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली। एक मगरमच्छ खेत में पहुंच गया, जबकि दूसरा सीधे एक घर के बाथरूम में घुस आया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि पहला मगरमच्छ ग्राम न्यामतपुर में श्रवण पुत्र ऋषिपाल के खेत में देखा गया। वहीं दूसरा मगरमच्छ ग्राम खेड़ी कला में कृष्ण शर्मा के घर के बाथरूम में घुस गया, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

वन विभाग की टीम ने पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ दोनों स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़ लिया गया और बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि बरसात और जलभराव के मौसम में मगरमच्छ तथा अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें और स्वयं वन्यजीव को पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला