ग्राम प्रधानों का विकास भवन पर जोरदार प्रदर्शन, 20 हजार मानदेय की मांग
पौड़ी गढ़वाल, 22 सितंबर (हि.स.)।स्वास्थ्य व जीवन बीमा, न्यूनतम 20 हजार रुपये मानदेय और वीबीजीरामजी योजना में श्रमिकों की हाजिरी पूरी तरह ऑफलाइन करने समेत दस सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम प्रधानों ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिले के 15 विकासखंडों से पहुंचे प्रधानों ने कंडोलिया चौक से विकास भवन तक नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। बाद में सीडीओ के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा और पहाड़ी दालों की टोकरी उपहार स्वरूप प्रेषित की।
ग्राम प्रधान अशोक बुड़ाकोटी, यशपाल सिंह नेगी आदि ने कहा कि मांगों को लेकर पूर्व में ब्लॉक कार्यालयों में भी आंदोलन किया जा चुका है, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। जिलाध्यक्ष पंकज पोखरियाल ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम प्रधान उग्र आंदोलन करेंगे।
इस दौरान हरिमोहन जुयाल, वीरा रावत, प्रगति रावत, कलावती खंतवाल, ठाकुर सिंह, पुष्पा रावत, सूरजपाल, रणजीत सिंह, रजनी गुसाईं, अनामिका, साक्षी, भारती रावत, पिंकी नेगी, लक्ष्मी देवी, गीता देवी और निर्मला देवी समेत बड़ी संख्या में प्रधान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

