सतपुली-गुमखाल मार्ग पर खाई में गिरा ट्रक,एक व्यक्ति की मौत
पौड़ी, 29 नवंबर (हि.स.)। पौड़ी जिले के सतपुली-गुमखाल मार्ग पर बैर गांव के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने रात के अंधेरे में रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक का शव खाई से बरामद किया।
एसडीआरएफ के अनुसार, शनिवार रात जिला नियंत्रण कक्ष पौड़ी से सतपुली पोस्ट को ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना पर हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
टीम ने रात के घने अंधेरे और दुर्गम परिस्थितियों के बीच गहरी खाई में उतरकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान खाई में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान देवेंद्र (45) पुत्र राजेंद्र, निवासी पैठाणी थापलू के रूप में हुई। एसडीआरएफ जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकालकर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

