home page

मां भगवती का स्वरूप थीं सावित्री देवी : दुर्गादास

 | 
मां भगवती का स्वरूप थीं सावित्री देवी : दुर्गादास


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता सावित्री देवी के निधन पर सिद्धपीठ वैष्णो देवी लाल माता मंदिर ट्रस्ट के संचालक भक्त दुर्गादास ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि सावित्री देवी का व्यक्तित्व सादगी, ममता, करुणा और संस्कारों से परिपूर्ण था।

भक्त दुर्गादास ने कहा कि उन्हें दो बार गांव जाकर माता सावित्री देवी के दर्शन और आशीर्वाद का सौभाग्य मिला। दोनों अवसरों पर माता जी से मिलकर मन को विशेष शांति और आत्मीयता का अनुभव हुआ। उनका स्वभाव बेहद सरल और सौम्य था। बातचीत में अपनापन और व्यवहार में ममता झलकती थी।

उन्होंने कहा कि माता सावित्री देवी केवल एक मां नहीं, बल्कि संस्कार, त्याग और ममता की प्रतिमूर्ति थीं। उनके व्यक्तित्व में साक्षात मां भगवती का स्वरूप दिखाई देता था। उनका जीवन धर्म और संस्कारों के प्रति समर्पित रहा।

भक्त दुर्गादास ने कहा कि माता जी ने योगी आदित्यनाथ जैसे संत और राष्ट्रसेवक को जन्म दिया। उन्होंने पुत्र को बचपन से ही धार्मिक संस्कार, अनुशासन, त्याग और जनसेवा की भावना दी। आज योगी जिस तरह समाज की सेवा में समर्पित हैं, उसमें माता के संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि मां का जाना परिवार के लिए सबसे बड़ी क्षति होती है। सावित्री देवी के निधन से परिवार और शुभचिंतकों में गहरा शोक है। उनकी ममतामयी छवि लंबे समय तक लोगों के हृदय में जीवित रहेगी। भक्त दुर्गादास ने मां वैष्णो देवी से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दें। इस मौके पर पंडित हेमंत थपलियाल, पंडित हीरा जोशी, राकेशचंद्र सकलानी, दीवान सिंह राणा, अश्वनी दीक्षित सहित गुजरात और अमृतसर से आए भक्तजन शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला