चंपावत में खाई से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
चंपावत, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के चंपावत जिले के दुर्गम क्षेत्र दयुरी गांव में एसडीआरएफ टीम ने रविवार को करीब एक साै मीटर गहरी खाई से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है।
एसडीआरएफ के अनुसार पूर्णागिरि ड्यूटी में तैनात टीम को थाना तामली के एसओ की ओर से सूचना दी गई कि दयुरी गांव क्षेत्र में एक अज्ञात शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक दीपक सामंत के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम बूम घाट से घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि शव ब्यूरी गांव से लगभग दो किलोमीटर आगे काली नदी के किनारे सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में पड़ा है।एसडीआरएफ टीम ने रोप की सहायता से रैपलिंग कर खाई में उतरकर शव तक पहुंच बनाई। इसके बाद शव को बॉडी बैग में रखकर हार्ड बोर्ड स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित सड़क तक लाया गया। बाद में शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना तामली पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

