home page

बिना दस्तावेज वाले वाहनों को चारधाम यात्रा की अनुमति नहीं

 | 

हरिद्वार, 08 मई (हि.स.)। चारधाम यात्रा के दौरान बिना पूर्ण दस्तावेजों वाले वाहनों के संचालन को लेकर सामने आए प्रकरण पर परिवहन विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। विभागीय समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि गोरखपुर से चार वाहन चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण केंद्र पहुंचे थे। इनमें से एक वाहन का ग्रीन कार्ड नियमानुसार उसी दिन जारी कर दिया गया था। शेष तीन वाहनों में से दो के आवश्यक अभिलेख, जैसे वैध परमिट एवं प्राधिकरण पत्र पूर्ण नहीं पाए गए, जिसके चलते उनके ग्रीन कार्ड जारी नहीं किए जा सके।

प्रकरण की सूचना मिलने पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) स्वयं मौके पर पहुंचे और यात्रियों से वार्ता कर उन्हें यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। शुरुआत में यात्री उन्हीं वाहनों से यात्रा करने पर अड़े रहे, लेकिन बाद में विभागीय अधिकारियों के समझाने और समन्वय के बाद शेष दोनों वाहनों के यात्रियों को जीएमओयू के वाहनों से सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

परिवहन विभाग का कहना है कि चारधाम यात्रा में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बिना अभिलेख वाले वाहनों को अनुमति नहीं दी जा सकती।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला