home page

कार्तिक पूर्णिमा स्नान: हरिद्वार में आज रात से भारी वाहनों की नो एंट्री, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

 | 
कार्तिक पूर्णिमा स्नान: हरिद्वार में आज रात से भारी वाहनों की नो एंट्री, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने शहर का विस्तृत यातायात प्लान जारी कर दिया है। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व के मद्देनजर 23 नवंबर की रात 12 बजे से स्नान समाप्ति तक शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा, जबकि छोटे वाहनों को निर्धारित रूट और पार्किंग स्थलों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में बनाई गई है। दबाव अधिक होने पर नगलाइमरती से वाहनों को लक्सर, फेरुपुर और जगजीतपुर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

दिल्ली-पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर उन्हें सहारनपुर, मंडावर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली, छुटमलपुर और बिहारीगढ़ होते हुए मोहंड के रास्ते देहरादून और ऋषिकेश भेजा जाएगा। दिल्ली-मेरठ से देहरादून-ऋषिकेश जाने वाली बसों को भी जरूरत पड़ने पर रामपुर तिराहा, देवबंद और बिहारीगढ़ होते हुए मोहंड के रास्ते भेजा जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार में प्रवेश दिया जाएगा। इनकी पार्किंग नीलधारा और गौरीशंकर में होगी। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

स्नान पर्व के दौरान देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। यहां सवारियों को उतारने के बाद उन्हें वापस लौटना होगा। ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, ऑटो-विक्रम और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक से तुलसी चौक तक जाकर यू-टर्न लेकर वापस लौटेंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक तक ई-रिक्शा और ई-ऑटो की पूरी तरह नो एंट्री रहेगी।

यातायात का दबाव बढ़ने पर चीला मार्ग का इस्तेमाल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों के निकास के लिए किया जाएगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यातायात प्लान का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला