home page

छठ पूजा पर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी

 | 
छठ पूजा पर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी


देहरादून, 14 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने 15 और 16 नवंबर को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत प्रेमनगर, नंदा की चौकी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने के लिए वाहनों के मार्ग निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें।

शनिवार को पुलिस की ओर से जारी यातायात डायवर्जन प्लान के अनुसार, देहरादून से सहसपुर और विकासनगर जाने वाले वाहनों को प्रेमनगर से न्यू एक्सप्रेस-वे होते हुए सिंघनीवाला के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा। देहरादून शहर से नंदा की चौकी स्थित छठ पूजा स्थल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रांघड़वाला तिराहा से प्रेमनगर चौक होते हुए नंदा की चौकी का मार्ग निर्धारित किया गया है।

भाऊवाला से प्रेमनगर जाने वाले वाहन सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड होते हुए प्रेमनगर चौक पहुंचेंगे। वहीं, बिधोली से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को नंदा की चौकी, सुद्धोवाला चौक, बालाजी धाम कट और ठाकुरपुर रोड से भेजा जाएगा।

प्रेमनगर से झाझरा, सुद्धोवाला और बिधोली जाने वाले वाहनों को ठाकुरपुर रोड और बालाजी धाम के रास्ते भेजा जाएगा। धूलकोट तिराहे से भारी वाहनों को सिंघनीवाला की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जहां से वे बड़ोवाला होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

छठ पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए सुभारती कॉलेज पार्किंग, उत्तरांचल विश्वविद्यालय के पास घाट, नंदा की चौकी पेट्रोल पंप के पास, आसन नदी तट, चंद्रबनी हॉट बाजार मैदान और मालदेवता रोड स्थित नदी क्षेत्र के खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से टोइंग की कार्रवाई की जाएगी और 1,500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाएगा। ऐसे वाहनों पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी।

पुलिस ने लोगों से समय रहते खरीदारी पूरी करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और अनावश्यक रूप से निजी वाहनों से निकलने से बचने की अपील की है। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी भी मार्ग पर रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने कहा कि नंदा की चौकी और प्रेमनगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार यातायात योजना में बदलाव किया जा सकता है। दून पुलिस ने नागरिकों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय