home page

पुलिस की कार्रवाई, वाहनों से हटाईं अनधिकृत नाम पट्टिकाएं

 | 
पुलिस की कार्रवाई, वाहनों से हटाईं अनधिकृत नाम पट्टिकाएं


हरिद्वार, 23 सितंबर (हि.स.)। वाहनों पर अनाधिकृत और अनावश्यक नाम-पद संबंधी पट्टिकाएं लगाने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर के निर्देशन में प्रभारी चौकी बाजार, रेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोतवाली क्षेत्र में वाहनों की जांच की। इस दौरान अनधिकृत नाम पट्टिकाएं लगे वाहनों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 13 वाहनों के चालान किए गए, 20 नाम पट्टिकाएं हटाई गईं और तीन नाम पट्टिकाएं जब्त की गईं। चालान की कार्रवाई के माध्यम से कुल 5,500 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर नियम विरुद्ध अथवा अनधिकृत नाम और पद संबंधी पट्टिकाओं का प्रयोग न करें। पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने और वाहन संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला