home page

बाल दिवस पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल, बच्चों को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर

 | 
बाल दिवस पर यातायात पुलिस की अनूठी पहल, बच्चों को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर


हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। बाल दिवस के अवसर पर हरिद्वार यातायात पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बच्चों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, रेड लाइट और ट्रैफिक सिग्नल का पालन, पैदल यात्रियों के नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट की उपयोगिता समेत सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बच्चों को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है। बच्चों को सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बनाते हुए उनसे अपने परिजनों और आमजन को भी नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम यातायात मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी एवं एसपी यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा सीओ यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। इस दौरान यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी और सीपीयू उपनिरीक्षक नीरज मेहरा ने बच्चों को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बचपन से ही बच्चों को यातायात नियमों का महत्व समझाएं और स्वयं भी नियमों का पालन करें। जागरूक बच्चे ही भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला