home page

कैंची धाम मार्ग पर दिल्ली के पर्यटकों ने किया थार से स्टंट, चालान

 | 
कैंची धाम मार्ग पर दिल्ली के पर्यटकों ने किया थार से स्टंट, चालान


नैनीताल, 23 मई (हि.स.)। नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम मार्ग पर थार वाहन से खतरनाक स्टंट करने के मामले में चालक के विरुद्ध कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान कर दिया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 मई को एक राहगीर ने सूचना दी थी कि वाहन संख्या डीएल4बीसी-7795 थार का चालक कैंची धाम मार्ग पर वाहन की बोनट और खिड़की में दो लोगों को बैठाकर खतरनाक स्टंट कर रहा है, जिससे स्वयं तथा अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ रही थी। संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। इसका तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित वाहन चालक का पता लगाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने वाहन चालक राहुल निवासी दिल्ली की पहचान कर उसके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार चालक ने भविष्य में इस प्रकार का कृत्य न करने की बात कहते हुए माफी भी मांगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्टंटबाजी, अराजकता और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के प्रति पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति रहेगी। पुलिस ने आमजन से सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी