home page

विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बन रहा उत्तराखंड : सतपाल महाराज

 | 
विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बन रहा उत्तराखंड : सतपाल महाराज


देहरादून, 27 सितंबर (हि.स.)। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने विश्व पर्यटन दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विश्वस्तरीय गंतव्य के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पर्यटन को नया स्वरूप देने की दिशा में प्रदेश में काम किया जा रहा है।

सतपाल महाराज ने जारी संदेश में कहा कि राज्य में होम स्टे योजना स्थानीय स्तर पर रोजगार का माध्यम बन रही है। वर्तमान में प्रदेश में छह हजार से अधिक पंजीकृत होम स्टे संचालित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 100 ट्रेकिंग मार्गों की जीपीएस और जीआईएस मैपिंग के लिए हाल ही में दल रवाना किए गए हैं। इनमें 50 मार्ग गढ़वाल और 50 कुमाऊं के हैं। मैपिंग के आधार पर मोबाइल ट्रेकिंग नेविगेशन ऐप और ‘द ट्रेक्स ऑफ उत्तराखंड’ कॉफी टेबल बुक तैयार की जाएगी। इससे ट्रेकिंग मार्गों की सटीक जानकारी उपलब्ध होने के साथ सुरक्षा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन उत्तराखंड की पहचान बन रहा है। 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित आदि कैलाश परिक्रमा-2.0 के अलावा आदि कैलाश-ॐ पर्वत क्षेत्र में होने वाले विभिन्न आयोजन उच्च हिमालयी क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दे रहे हैं। आदि कैलाश परिक्रमा रन और नीति वैली अल्ट्रा जैसे आयोजनों से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। नवंबर में प्रस्तावित हिमालयन कार रैली भी इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को बारहमासी पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए शीतकालीन चारधाम यात्रा, स्नो ट्रेकिंग, एस्ट्रो टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। नवंबर में उत्तराखंड एकता नगर में भारत पर्व तथा लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ‘भारत की आध्यात्मिक राजधानी’ के रूप में विकसित करने के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। इसके तहत शाक्त, शैव, वैष्णव, विवेकानंद, नरसिंह, गोल्ज्यू, गुरुद्वारा, नवग्रह, नागराजा, हनुमान और महासू देवता सर्किट विकसित किए जा रहे हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय