हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजी देवनगरी
हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत एस.एम.जे.एन. (पीजी) कॉलेज में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, लीगल ऐड सेल, एंटी ड्रग सेल, मानक क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साह से भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग से मिली है, इसलिए देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना युवा पीढ़ी का दायित्व है।
श्रीमहंत ने कहा कि भारत की शक्ति उसकी युवा आबादी, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता में है। युवाओं को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को एकता का संकल्प दिलाकर तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान जगाने का अभियान है। उन्होंने घरों में तिरंगा फहराने और उसकी गरिमा बनाए रखने की अपील की। अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने तिरंगे को विविधता में एकता का प्रतीक बताते हुए युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। सुपरवाइजर मनोज सहगल ने सोशल मीडिया के दौर में देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।
महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस कॉलेज पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए छात्रों के ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से माहौल देशभक्तिमय रहा।
इस अवसर पर प्रो. जे.सी. आर्य, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. विजय शर्मा, डॉ. पूर्णिमा सुन्दरियाल, डॉ. मोना शर्मा, कार्यालय अधीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

