home page

नन्हीं छात्राओं ने एसएसपी को बांधा रक्षा सूत्र

 | 
नन्हीं छात्राओं ने एसएसपी को बांधा रक्षा सूत्र


हरिद्वार, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर देवभूमि इंटरनेशनल स्कूल की छात्राएं अपनी शिक्षिकाओं के साथ एसएसपी कैंप ऑफिस पहुंचीं। छात्राओं ने एसएसपी नवनीत सिंह को चंदन का तिलक लगाकर रक्षासूत्र बांधा और उनसे सुरक्षा का वचन लिया।

इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनसे पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को करियर को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही सोशल मीडिया के नियंत्रित और संतुलित इस्तेमाल की सलाह देते हुए कहा कि बच्चों को आभासी दुनिया की बजाय अपने परिवार और करीबी लोगों के साथ समय बिताने को प्राथमिकता देनी चाहिए।

एसएसपी ने छात्राओं को शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं में भी एसएसपी से मिलने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

कार्यक्रम के बाद ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधियों ने भी एसएसपी नवनीत सिंह से भेंट की और उनकी कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। रक्षासूत्र के इस भावपूर्ण कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं आत्मीयता का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला