home page

‘हर-हर महादेव’ से गूंज रही धर्मनगरी हरिद्वार, कांवड़ियों ने कहा-ऐसी व्यवस्था पहले नहीं देखी

 | 
‘हर-हर महादेव’ से गूंज रही धर्मनगरी हरिद्वार, कांवड़ियों ने कहा-ऐसी व्यवस्था पहले नहीं देखी


बैरागी कैंप से लेकर कांवड़ मार्ग तक हर तरफ शिवभक्तों की भीड़

पार्किंग-पानी-शौचालय से लेकर मेडिकल और सुरक्षा इंतजामों की जमकर तारीफ

हरिद्वार, 08 अगस्त (हि.स.)। धर्मनगरी हरिद्वार इन दिनों पूरी तरह शिवमय है। कांवड़ यात्रा अंतिम चरण में पहुंचते ही यहां आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। चारों ओर भगवा ही भगवा नजर आ रहा है। देशभर से लाखों शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से धर्मनगरी गूंज रही है। कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ के बीच उत्तराखंड सरकार और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालु संतुष्ट दिख रहे हैं। उन्होंने पार्किंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश, मेडिकल कैंप और सुरक्षा की तारीफ की है।

बैरागी कैंप पहुंचे हरियाणा के शिवभक्त राजेश ने बताया कि यहां पार्किंग की शानदार व्यवस्था है। बैरागी कैंप में करीब 5 से 6 हजार वाहनों की पार्किंग है। स्थल पर जगह-जगह लाइटें लगी हैं। खाने-पीने, पानी और शौचालय की सुविधा भी अच्छी है। राजेश ने कहा कि इस बार पार्किंग को लेकर कांवड़ियों को काफी राहत मिल रही है। बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

राजस्थान से डाक कांवड़ लेने आए इन्द्रेश कुमार बंसल ने कहा कि इस बार सरकार ने कांवड़ियों के लिए बेहतर इंतजाम किए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को अच्छे से संभाला है। उन्होंने सरकार और प्रशासन का धन्यवाद किया।

पंजाब के संगरूर से आए सुरेंद्रलाल ने बताया कि इस बार व्यवस्था पहले से काफी बेहतर है। पार्किंग में लाइट, पानी और जगह-जगह मेडिकल शिविर लगे हैं। साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं को देखकर वह उत्तराखंड सरकार का आभार करते हैं।

हरियाणा के पलवल से आए हरेंद्र ने कहा कि इस बार यात्रा में व्यवस्था पहले से अच्छी है। शौचालय साफ हैं और पानी की व्यवस्था भी ठीक है। उन्होंने बेहतर इंतजाम के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

कांवड़ियों का कहना है कि इस बार मार्गों पर सफाई, सुरक्षा, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से बेहतर हैं। जगह-जगह प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी से श्रद्धालुओं को राहत है। भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी में एक ओर कांवड़ियों का सैलाब है तो दूसरी ओर हर कदम पर हर-हर महादेव के जयघोष हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि बेहतर प्रबंधन ने उनकी यात्रा को यादगार बना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन और पुलिस का व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला