home page

हरतोला के मंदिरों में चोरी, दान पेटियां व आभूषणों मिले गायब

 | 
हरतोला के मंदिरों में चोरी, दान पेटियां व आभूषणों मिले गायब


नैनीताल, 09 सितंबर (हि.स.)। भवाली थाना क्षेत्र के हरतोला में स्थित भगवती माता मंदिर और महाशक्ति शिवालय में चोरी का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी जिला शासकीय अधिवक्ता-फौजदारी सुशील कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले की जांच और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार पिछले सप्ताह अज्ञात चोरों ने भगवती माता मंदिर से देवी मां का छत्र और आभूषण तथा दोनों मंदिरों में रखी दानपेटियां चोरी कर लीं। दानपेटियों में श्रद्धालुओं द्वारा दी गई धनराशि जमा थी, जिसे आगामी नवरात्र में मंदिर के कार्यों में खर्च किया जाना था। काफी खोजबीन के बाद भी चोरी का पता नहीं चल सका। शिकायतकर्ता के अनुसार इससे पहले भी मंदिर के बाहर टांगी गई ऐतिहासिक कीमती घंटियां अज्ञात चोर चोरी कर चुके हैं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हुआ है।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों से बाहरी असामाजिक तत्व मजदूर अथवा अन्य रूप में आते-जाते रहे हैं, लेकिन उनका सत्यापन नहीं किया गया। श्री शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भवाली थानाध्यक्ष को निर्देशित कर विशेष टीम गठित करने, चोरी की घटनाओं का खुलासा करने तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत की प्रति जिलाधिकारी नैनीताल को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी