बार एसोसिएशन सभागार में चोरी का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। कोतवाली सिडकुल पुलिस ने जिला बार एसोसिएशन सभागार, कचहरी परिसर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपितो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की विद्युत सामग्री और 28 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एक अन्य आरोपी पहले से ही दूसरे मुकदमे में जिला कारागार रोशनाबाद में बंद है।
पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को जिला बार एसोसिएशन रोशनाबाद के सचिव विपिन चंद द्विवेदी ने तहरीर देकर बताया कि कचहरी परिसर में निर्माणाधीन लाइब्रेरी से अज्ञात चोर एल्युमिनियम, ग्लास और विद्युत सामग्री चोरी कर ले गए हैं।
एसपी हरिद्वार के निर्देश पर गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल जांच के आधार पर चार संदिग्धों की पहचान की।
जांच में एक आरोपित पहले से एक मुकदमे में जेल में बंद मिला। शेष तीन संदिग्धों से पूछताछ में उन्होंने 21 जुलाई की रात बार एसोसिएशन सभागार में चोरी करना स्वीकार किया।
उनकी निशानदेही पर ज्वालापुर के बागोवाली क्षेत्र की झाड़ियों से 15 बिजली के तार के डिब्बे बरामद हुए। आरोपितों ने बताया कि कुछ सामान बेचकर मिले रुपये आपस में बांट लिए थे। तलाशी में आदिल से 11 हजार, गुलफाम से 8 हजार और आवेश से 9 हजार रुपये मिले।
गिरफ्तार आरोपित आदिल पुत्र उमर शाद, गुलफाम पुत्र विव्वा और आवेश पुत्र रिजवान ज्वालापुर के निवासी हैं। पंकज राठौर पहले से जेल में है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

