home page

टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने मनाया 39वां स्थापना दिवस, ऊर्जा सुरक्षा के संकल्प को दोहराया

 | 
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने मनाया 39वां स्थापना दिवस, ऊर्जा सुरक्षा के संकल्प को दोहराया


ऋषिकेश, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड स्थित सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी विद्युत कंपनी टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अपना 39वां स्थापना दिवस कॉरपोरेट कार्यालय ऋषिकेश सहित देशभर में स्थित अपनी सभी परियोजनाओं और इकाई कार्यालयों में मनाया। इस अवसर पर कंपनी ने नवाचार, सतत विकास और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कंपनी की स्थापना से अब तक की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कर्मचारियों के समर्पण और सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि नवाचार, उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति और सतत विकास के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दोहराने का अवसर भी है।

उन्होंने बताया कि कंपनी की कुल स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 3,907 मेगावाट हो गई है। हाल ही में 1,000 मेगावाट क्षमता वाले टिहरी वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज प्लांट और 1,320 मेगावाट क्षमता वाले खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के चालू होने से टीएचडीसी की विकास यात्रा को नई गति मिली है।

गर्ग ने कहा कि यह उपलब्धियां कर्मचारियों के सामूहिक समर्पण, प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंप स्टोरेज क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाते हुए टीएचडीसी देश की ऊर्जा सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।

स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। मेरिटोरियस अवॉर्ड, सजेशन मेला अवॉर्ड, इनोवेशन अवॉर्ड, स्विफ्ट डिसीजन-मेकिंग अवॉर्ड, बेस्ट एम्प्लॉई, गौरव अवॉर्ड और नमन अवॉर्ड प्रदान किए गए। कंपनी के पूर्व निदेशक (वित्त) जे. बेहेरा को वित्तीय प्रबंधन और संस्थागत विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए 'नमन पुरस्कार' से सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य तकनीकी अधिकारी एल.पी.जोशी, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) कुमार शरद, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. ए.एन. त्रिपाठी सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय