टीईटी और पुरानी पेंशन का मुद्दा संसद में उठाने की मांग, सांसदों को सौंपे ज्ञापन
देहरादून, 06 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद देहरादून के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला मंत्री रूपक पुरी के नेतृत्व में टीईटी प्रकरण और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को लेकर विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मानसून सत्र में इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का अनुरोध किया।
संघ के प्रतिनिधिमंडल ने हरिद्वार से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी से सांसद माला राजलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल व भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत से भेंट कर ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि टीईटी प्रकरण और पुरानी पेंशन योजना प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित मुद्दे हैं ।संघ के अनुसार, जनप्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि वे इन विषयों को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाने के साथ ही संसद के आगामी मानसून सत्र में लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में रखने का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष बसंत डंडरियाल, मोहन हटवाल, सहसपुर विकासखंड अध्यक्ष प्रमोद रावत, संदीप सोलंकी, चंद्र प्रकाश पाल, सुभाष कुकरेती, रविन्द्र नाथ उपाध्याय, प्रमोद तोमर, गोविंद रावत, प्रकाश डबराल सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

