home page

हरेला सप्ताह के तहत लगाए 20 हजार पौधे

 | 
हरेला सप्ताह के तहत लगाए 20 हजार पौधे


पिथौरागढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। हरेला सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊं ने शनिवार को पिथौरागढ़ जिले के चंडाक के निकट गुनसेरा और बुंगाचीना के अगनिया गांव में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाकर 20 हजार पौधे लगाए।

रक्षा जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार अभियान में बटालियन के अधिकारियों एवं सैनिकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण किया।

बटालियन ने बताया कि यह अभियान हरेला सप्ताह के अंतर्गत चलाए जा रहे व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके तहत सप्ताह भर में 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, मृदा संरक्षण को बढ़ावा देना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना तथा जनभागीदारी के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

बटालियन ने अभियान में सहयोग देने वाले स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों और अन्य संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक दायित्व है और प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।

उन्होंने बताया कि हरेला सप्ताह के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा तथा 16 जुलाई को हरेला पर्व के अवसर पर इसका समापन किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय