home page

कुंभ में श्रद्धालुओं के लिए सुगम होगी मंदिरों तक पैदल राह, बन रहे फुटपाथ

 | 
कुंभ में श्रद्धालुओं के लिए सुगम होगी मंदिरों तक पैदल राह, बन रहे फुटपाथ


-भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर- मनसा देवी मार्ग तक साढ़े 6 कि.मी. फुटपाथ का निर्माण जारी

हरिद्वार, 16 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं। हरकी पैड़ी को केंद्र में रखते हुए प्रमुख मंदिरों तक बेहतर पैदल संपर्क बनाया जा रहा है।

भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मंसा देवी मार्ग तक लगभग 6.5 कि.मी. लंबाई में फुटपाथ का निर्माण तेजी से जारी है। इसके लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पीआईयू, लोक निर्माण विभाग की ओर से संचालित इस योजना में रेज्ड फुटपाथ बनाने के साथ मार्ग के आसपास जमा मलबा हटाया जा रहा है।

भगत सिंह चौक से रेलवे अंडरपास की ओर भी सुधार कार्य होंगे। मार्ग को सुव्यवस्थित करने के लिए ग्रीन प्लांटर एरिया विकसित किए जाएंगे, जिससे पैदल यात्रियों को बेहतर स्थान मिलने के साथ सौंदर्यीकरण और हरियाली को बढ़ावा मिलेगा।

योजना में बिल्केश्वर मंदिर मार्ग पर दोनों ओर पेव्ड शोल्डर्स, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण, केसी नालियों का निर्माण और सड़क विस्तार के कार्य शामिल हैं।

रेलवे अंडरपास के पास तिराहे की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए रेलवे विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण के बाद साइड दीवार को पीछे कर निर्माण किया जाएगा, जिससे मार्ग की चौड़ाई बढ़ेगी और वाहनों को मोड़ लेने में सुविधा होगी।

बिल्केश्वर और मंसा देवी मार्ग कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के लिहाज से अहम हैं। इन पैदल मार्गों के विकास से हरकी पैड़ी से मंदिरों तक पहुंच आसान होगी और भविष्य में भी शहर में पैदल आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला