home page

सेवा पखवाड़ा शिविर और तहसील दिवस का आयोजन, 1,435 लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ

 | 
सेवा पखवाड़ा शिविर और तहसील दिवस का आयोजन, 1,435 लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ


हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। भगवानपुर विकासखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार सेवा पखवाड़ा शिविर के साथ तहसील दिवस का आयोजन किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 1,435 लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया, जबकि क्षेत्रवासियों ने भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल, शिक्षा, सिंचाई और जल निकासी समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 40 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर करना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

राज्य मंत्री एवं सेवा पखवाड़ा प्रभारी सुनील सैनी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, शिक्षा, श्रम, उद्योग समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और स्वरोजगार योजनाओं सहित कई सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला