home page

लंबित मामलों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करें,खाद्यान्न वितरण व्यवस्था रहे सुचारु : जिलाधिकारी

 | 
लंबित मामलों की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करें,खाद्यान्न वितरण व्यवस्था रहे सुचारु : जिलाधिकारी


टिहरी गढ़वाल, 29 जुलाई (हि.स.)। टिहरी गढ़वाल के जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक हुई, जिनमें विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति, लंबित राजस्व वसूली, विचाराधीन राजस्व वादों के निस्तारण, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और विभागीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जून माह में 92 छापेमारी अभियान चलाए गए, जिनमें 9 प्रकरण दर्ज किए गए और एक वाहन सीज किया गया। वहीं परिवहन विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि वर्तमान तक 1,638 चालान किए जा चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने प्रवर्तन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।

अभियोजन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अधीनस्थ न्यायालयों में विभिन्न अधिनियमों के तहत कई मामले लंबित हैं। इनमें आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत सर्वाधिक 108 मामले विचाराधीन हैं। इसके अलावा आयुध अधिनियम के 8, आईटीपी एक्ट के 6,एनडीपीएस एक्ट के 9, फॉरेन एक्ट के 2 और कॉपीराइट एक्ट का एक मामला लंबित है। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त 42 पटवारी चौकियों की मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी चौकियों की मरम्मत के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है और अब तक 16 पटवारी चौकियों का कार्य पूरा हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष चौकियों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

विचाराधीन राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुराने मामलों की नियमित सुनवाई की जाए और समयबद्ध ढंग से उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों में समन्वय बनाए रखते हुए शासन की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी,उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता,जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह,तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय