टिहरी लेक फेस्टिवल का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन, टिहरी झील को विश्वस्तरीय एडवेंचर स्पोर्ट्स हब बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई
नई टिहरी, 6 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी झील के किनारे आयोजित ‘हिमालयन 0.2 : द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का शुक्रवार को उद्घाटन किया। इस माैके पर मुख्यमंत्री ने कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घाेषणा की और वर्चुअली कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि आने वाले समय में टिहरी झील देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगी। मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि आध्यात्मिकता, लोक संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम है। हमारी नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं विश्वभर के लोगों को आकर्षित करती हैं। टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित टिहरी लेक प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत उदाहरण होने के साथ-साथ साहसिक खेलों के आयोजन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रही है। यहां कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
इस माैके पर मुख्यमंत्री ने कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे निर्माण की घोषणा की। साथ ही एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से बनने वाले कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअली शिलान्यास भी किया। लगभग 318 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग करीब 15 किलोमीटर लंबा होगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के आसपास विकसित हो रहा पर्यटन और खेल तंत्र स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर भी पैदा कर रहा है। उन्होंने बताया कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड का निर्माण और तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करना शामिल है।
उन्होंने जिले में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट के लिए 10 कॉम्पेक्टर केंद्र और 4267 कूड़ा संग्रहण केंद्र स्थापित किए जाने की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। टिहरी लेक फेस्टिवल में 9 मार्च तक साहसिक खेलों, पर्यटन गतिविधियों के साथ-साथ लोक संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

