home page

टिहरी जिला विकास प्राधिकरण में तीन भाजपा नेता नामित

 | 

- चंद्रकिशोर मैठाणी, राजेंद्र सिंह भंडारी और सतवीर पुंडीर को मिली जिम्मेदारी

नई टिहरी, 11 नवंबर (हि.स.)। आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग ने टिहरी जिला विकास प्राधिकरण में भाजपा के तीन वरिष्ठ नेताओं को सदस्य नामित किया है। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रकिशोर मैठाणी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह भंडारी और भाजपा के पूर्व जिला मंत्री सतवीर पुंडीर को जिला विकास प्राधिकरण में सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विधायक ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण जिले का महत्वपूर्ण विभाग है। इसके माध्यम से निर्माण कार्यों की स्वीकृति, भवनों के नक्शे सहित कई अहम कार्य संपादित होते हैं। जनप्रतिनिधियों के प्राधिकरण में शामिल होने से आम लोगों के कार्यों को सुगमता से पूरा कराने में मदद मिलेगी। साथ ही प्राधिकरण के अधिकारियों के कामकाज पर भी सदस्यों की निगरानी रहेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न प्राधिकरणों, निगमों, परिषदों और आयोगों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।

नवनामित सदस्यों मैठाणी, भंडारी और पुंडीर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय और शक्ति लाल शाह का आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी