शिक्षकों को तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच के दिए गए गुर
नैनीताल, 12 मई (हि.स.)। पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार सीबीएसई विद्यालय में शिक्षकों के लिए मंगलवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आठ सत्रों में शिक्षकों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन, कार्य-जीवन संतुलन तथा मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक और व्यस्त जीवन में तनाव एक सामान्य समस्या बन चुकी है, लेकिन सकारात्मक सोच व्यक्ति को तनाव से मुक्ति दिलाने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के पथप्रदर्शक होते हैं, इसलिए उनका मानसिक रूप से स्वस्थ एवं प्रेरणादायी होना अत्यंत आवश्यक है। विषय विशेषज्ञ विजय पंत ने कहा कि तनाव जीवन का स्वाभाविक हिस्सा है, किंतु उसे सही दिशा में नियंत्रित करना ही वास्तविक कला है।
उन्होंने योग, ध्यान, सकारात्मक संवाद, समय प्रबंधन और आत्मचिंतन को तनाव कम करने के प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों को केवल शिक्षित ही नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त बनाना होता है, इसलिए शिक्षकों का स्वयं तनावमुक्त एवं ऊर्जावान रहना आवश्यक है। कार्यशाला में 12 विद्यालयों से 34 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन वीरेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। अंत में प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

