home page

शिक्षक दिवस पर स्कूल से अनुपस्थित शिक्षिका निलंबित

 | 

गोपेश्वर, 06 सितंबर (हि.स.)। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ विकासखंड स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भलगांव में शिक्षक दिवस के दिन विद्यालय से अनुपस्थित रहने के आरोप में सहायक अध्यापिका रेनू डंगवाल को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) पंकज कुमार उप्रेती ने अभिभावकों की शिकायत और उप शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा ज्योतिर्मठ की जांच आख्या के आधार पर शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की है।

निलंबन आदेश के अनुसार पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षिका विद्यालय में उपस्थित नहीं थीं। इससे विद्यालय का शिक्षण कार्य प्रभावित होने और छात्र-छात्राओं को आवश्यक विषयगत जानकारी नहीं मिल पाने का उल्लेख किया गया है।

अभिभावकों के अनुसार शिक्षक दिवस पर बच्चे शिक्षकों को बधाई देने के लिए विद्यालय पहुंचे थे। कई अभिभावक भी बच्चों के साथ स्कूल पहुंचे, लेकिन शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। इसके बाद अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से शिकायत कर विद्यालय में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और शिक्षण व्यवस्था की निगरानी की मांग की थी।

शिकायत के बाद उप शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा ज्योतिर्मठ ने मामले की आख्या जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी। इसके आधार पर शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। विभागीय जांच की जिम्मेदारी भी उप शिक्षा अधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा ज्योतिर्मठ को सौंपी गई है।

निलंबन अवधि में शिक्षिका को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आरोपों के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल