home page

चार सौ से अधिक रिक्त पदों पर होगी बेसिक शिक्षकों की भर्ती

 | 
चार सौ से अधिक रिक्त पदों पर होगी बेसिक शिक्षकों की भर्ती


देहरादून, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षा विभाग के तहत बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने शासकीय आवास पर विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए रिक्त पदों को भरना जरूरी है। उन्होंने कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में आवश्यकता से अधिक तैनात शिक्षकों का समायोजन अधिक छात्र संख्या और शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों से राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। इससे विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मंत्री ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यों के भूमि पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

रावत ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान बनाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में भूमि उपलब्ध कराएगा। योजना को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को इसकी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी, प्राथमिक शिक्षा निदेशक केएस रावत और उप निदेशक जेपी काला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय