home page

नाबालिगों को किराये पर स्कूटी देना पड़ा भारी

 | 

नैनीताल, 21 मई (हि.स.)। ‘ऑपरेशन लगाम’ अभियान के तहत तल्लीताल पुलिस ने नाबालिगों को किराये पर वाहन देने वाले दो वाहन स्वामियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने दो स्कूटियां सीज कर वाहन स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए हैं।

प्राप्त जानकारियों के अनुसार तल्लीताल थाना प्रभारी मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में धर्मशाला मार्ग क्षेत्र में चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन संख्या यूके-04टीबी-4175 स्कूटी को रोका। जांच में चालक नाबालिग पाया गया, जिसकी जन्मतिथि आधार कार्ड में 1 जनवरी 2010 अंकित थी। वह 500 रुपये किराये पर स्कूटी लेकर चला रहा था। ऐसे में वाहन के मालिक मोहम्मद समी कुरैशी निवासी हरिनगर वार्ड तल्लीताल के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर वाहन का सीज कर दिया गया। इसी प्रकार वाहन संख्या यूके-04टीबी-4270 स्कूटी भी नाबालिग द्वारा चलता पाया गया। इस मामले में भी वाहन के मालिक महबूब हुसैन सिद्दीकी निवासी हरिनगर वार्ड तल्लीताल के विरुद्ध कार्रवाई की गयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी