home page

हर पात्र मतदाता तक पहुंचे जागरूकता अभियान: सीडीओ

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 05 जून (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) 2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में स्वीप समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 08 जून से 07 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि विद्यालयों में वाद-विवाद, भाषण, चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए व विद्यार्थियों के माध्यम से उनके अभिभावकों तक मतदाता जागरूकता संबंधी अपील पत्र पहुंचाए जाएं। इससे अभियान की जानकारी अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंच सकेगी।

सीडीओ ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी अभियान से जोड़ा जाए तथा गांव-गांव जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने जनपद के आइकॉन मतदाताओं एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों के माध्यम से जागरुकता वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों से प्रसारित करने के निर्देश दिए। कहा कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में भी एसआईआर-2026 से संबंधित विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही नगर निकायों के वाहनों, दुग्ध वितरण वाहनों तथा अन्य सार्वजनिक प्रचार माध्यमों का उपयोग कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में भी मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सार्वजनिक कार्यक्रम और अवसर का उपयोग मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए एसआईआर-2026 को जन आंदोलन का स्वरूप देने तथा मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, सहायक नोडल अधिकारी स्वीप कुलदीप बिष्ट आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह