कुंभ की तैयारियों के बीच 14वें दिन भी चला स्वच्छता महाअभियान, 150 बैग कपड़ा कचरा जुटाया
हरिद्वार, 03 नवंबर (हि.स.)।
कुंभ मेला-2027 से पहले धर्मनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जिला प्रशासन का विशेष स्वच्छता महाअभियान लगातार जारी है। मंगलवार को अभियान के 14वें दिन भी विभिन्न गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई की गई। इस दौरान करीब 150 बैग कपड़ा कचरा एकत्र कर निस्तारण के लिए नगर निगम को सौंपा गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत कनखल स्थित दक्ष मंदिर, शीतल माता मंदिर, कश्यप घाट, ऋषिकुल पुल के आसपास, बिड़ला घाट और विष्णु घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की गई।
अभियान में नगर निगम के साथ सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों ने भागीदारी की।
श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, आदर्श युवा समिति, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स, डीएवी पब्लिक स्कूल की एनएसएस यूनिट, एचईसी ग्रुप और सोनिया फाउंडेशन के सदस्यों ने श्रमदान किया।
जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से घाटों से बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्र किया गया।
कोर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने कश्यप घाट और ऋषिकुल पुल के आसपास विशेष अभियान चलाया। जिला पंचायत की ओर से बहादराबाद के जमालपुर कलां और पंजनहेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों में 54 किलो सूखा और 153 किलो गीला कूड़ा एकत्र किया गया। एचईसी ग्रुप के 165 स्वयंसेवकों ने भी योगदान दिया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा घाटों पर कूड़ा न फैलाएं और पुराने कपड़ों को गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर जमा कराएं, ताकि गंगा की निर्मलता बनी रहे। अभियान में एनएसएस अधिकारी उमराव सिंह, जिला समन्वयक डॉ. एसपी सिंह, सहायक नगर आयुक्त गौरव रावत, अमिता सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत सहित कई अधिकारी और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

