home page

पिरान कलियर में विवाहिता की मौत, पति-सास-ससुर गिरफ्तार

 | 

रिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के गांव हबीबपुर निवादा में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि झबरेड़ा की नई मंडी निवासी नीटू राम ने तहरीर दी थी। आरोप है कि वर्ष 2015 में उन्होंने अपनी पुत्री नीलू सैनी उम्र 32 वर्ष का विवाह हबीबपुर निवादा निवासी बसंत कुमार से किया था।

तहरीर में कहा गया है कि विवाह के बाद से पति बसंत कुमार, ससुर विनय कुमार, सास सुषमा और देवर अंकित कुमार दहेज की मांग को लेकर नीलू के साथ मारपीट और प्रताड़ना करते थे। बेटी के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया। 18 जुलाई की सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर नीलू की तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो नीलू मृत अवस्था में मिली और उसके शरीर पर चोटों के निशान थे।

पुलिस ने दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को फरार चल रहे आरोपित पति बसंत कुमार, ससुर विनय कुमार और सास सुषमा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला