home page

शादी के महज तीन महीने बाद नव विवाहिता की मौत,

 | 
शादी के महज तीन महीने बाद नव विवाहिता की मौत,


हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव में शादी के महज तीन महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, सिरचंदी गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी की शादी करीब तीन महीने पहले भगवानपुर थाना क्षेत्र के ही सिसौना गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। बताया गया कि दोनों की शादी उनकी पसंद और दोनों परिवारों की सहमति से रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद विवाहिता की अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे। वहां उन्होंने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

आमने-सामने आए दोनों पक्ष

पोस्टमार्टम के बाद जब शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की बात सामने आई तो मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष शव का अंतिम संस्कार अपने-अपने यहां करने की बात पर अड़ गए। देखते ही देखते मोर्चरी के बाहर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप होने लगे। विवाद बढ़ने के बाद मायके पक्ष के लोग शव को अपने साथ ले गए और अंतिम संस्कार किया।

भगवानपुर थाना प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि फिलहाल मामले में पुलिस को कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसमें किसी तरह की आपराधिक भूमिका थी या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला