विवाहिता की संदिग्ध मौत, फंदे पर मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
हरिद्वार, 01 सितंबर (हि.स.)। जनपद के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के टांडा बनेड़ा रोड स्थित मलानपुरा में मंगलवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान अनीशा पत्नी अनीश, निवासी मलानपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार महिला पहले भी कई बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने से परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। कुछ ही देर में अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

