home page

सप्रयास संस्था ने किया प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित

 | 
सप्रयास संस्था ने किया प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित


हरिद्वार, 27 जुलाई,(हि. स.)। नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था 'सुप्रयास' ने चेतन ज्योति आश्रम के सभागार में सोमवार को मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना जरूरी है। सफलता अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब छात्रों को अवसर मिलता है तो वे प्रतिभा से देश-समाज का मार्गदर्शन करते हैं। पिछले दो दशकों से 'सुप्रयास' द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा का अवसर देने के प्रयासों की उन्होंने सराहना की।

एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि 'सुप्रयास' का कार्य अत्यंत प्रेरणादायी है। आज सम्मानित होने वाले इन्हीं बच्चों में से भविष्य के वैज्ञानिक, चिकित्सक और समाजसेवी निकलेंगे।

संस्था के संस्थापक महामंत्री डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि 4 बच्चों से शुरू हुई संस्था आज 35 बच्चों को मार्गदर्शन दे रही है। संस्था प्रयास आपका, सहयोग हमारा के मंत्र पर काम करती है।

अध्यक्ष राजेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य कमजोर वर्ग के मेधावी बच्चों को मंच देना है। संचालन बीनू बलूनी ने किया।

कार्यक्रम में ब्रजभूषण विद्यार्थी, दिनेश शर्मा, डॉ. श्वेता खंडूरी, इला शर्मा, हर्ष कालरा* सहित अभिभावक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला