home page

उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव विभागीय परीक्षण के लिए भेजे गए

 | 
उत्तराखंड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव विभागीय परीक्षण के लिए भेजे गए


देहरादून, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार की पहल को केंद्र सरकार से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर बताया है कि प्रदेश में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से जुड़े प्रस्तावों को विभागीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को भेजे पत्र में हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना से संबंधित प्रस्तावों को विभागीय स्तर पर परीक्षण के लिए भेजे जाने की जानकारी दी।

पत्र के अनुसार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संबंधित विभाग/प्रभाग से परीक्षण कराया जा रहा है। इसी तरह विश्वविद्यालय के अंतर्गत पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना के प्रस्ताव को भी संबंधित प्रभाग के परीक्षण के लिए भेजा गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार के समक्ष दोनों संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए उत्तराखंड में उच्चस्तरीय चिकित्सा एवं पैरामेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की पहल की है।

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के स्थापित होने से राज्य में गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। वहीं पैरामेडिकल कॉलेज से प्रशिक्षित पैरामेडिकल मानव संसाधन तैयार होंगे और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को आवश्यक तकनीकी एवं सहयोगी स्टाफ उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के स्तर पर दोनों प्रस्तावों के परीक्षण को उत्तराखंड की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय