दामाद पर लगाया बेटी को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप
नई टिहरी, 20 नवंबर (हि.स.)। टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक में एक महिला के आत्महत्या करने के मामले में उसके पिता ने पति पर प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर छाम-कंडीसौड़ थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रतापनगर ब्लॉक के ओखला गांव निवासी गुणानंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सुमित्रा का विवाह 13 अप्रैल 2013 को थौलधार ब्लॉक के बांडा गांव निवासी प्यारे लाल भट्ट पुत्र विद्यादत्त के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति उनकी बेटी पर चरित्र को लेकर आरोप लगाकर मारपीट करता था। साथ ही दहेज के लिए भी उसे प्रताड़ित किया जाता था।
पिता के अनुसार,कई बार समझाने के बावजूद आरोपी के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। इससे उनकी बेटी लंबे समय से परेशान थी। आरोप है कि 14 नवंबर 2026 को सुमित्रा ने व्हाट्सऐप संदेश भेजकर बताया था कि वह पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर रही है। गुणानंद ने अपने दामाद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है।
इस संबंध में सीओ टिहरी महेश लखेड़ा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

