गंगा में स्टंट करना पड़ा भारी, नीलधारा में फंसी थार, पुलिस ने किया सीज
हरिद्वार, 10 जुलाई (हि.स.)। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप स्थित गंगा की मुख्य धारा नीलधारा में शुक्रवार काे थार लेकर स्टंट करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। ऑफ-रोड क्षमता जांचने के उद्देश्य से वाहन को नदी की धारा में उतारा गया, लेकिन तेज बहाव के बीच थार बीच नदी में फंस गई और धीरे-धीरे पानी में डूबने लगी। वाहन फंसते ही उसमें सवार युवकों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कनखल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद थार को गंगा की धारा से बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह स्टंटबाजी के दौरान वाहन नदी के बीच फंस जाता है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, स्टंट और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत बैरागी कैंप में गंगा किनारे स्टंट करते समय गंगा में फंसी थार यूपी 36 एए 0707) को बाहर निकालकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
कनखल पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे स्वयं की और अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने लोगों से रोमांच के नाम पर इस तरह की लापरवाही से बचने और यातायात व सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

