home page

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान, पुलिस ने पांच कारें कीं सीज

 | 
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान, पुलिस ने पांच कारें कीं सीज


हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कारों पर सवार युवकों द्वारा हूटर बजाकर और खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी व हुड़दंग मचाने का मामला सामने आने पर हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे पांच चारपहिया वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान पुलिस की मीडिया सेल को एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ युवक यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाते और हुड़दंग करते नजर आए। वीडियो का संज्ञान लेते हुए मीडिया सेल ने मामले की जांच के लिए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए।

जांच में पता चला कि यह वीडियो 18 जून का ज्वालापुर क्षेत्र के सराय रोड का है। युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनकी हरकतों को किसी स्थानीय व्यक्ति ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवकों और उनके वाहनों की पहचान कर उन्हें वाहनों सहित कोतवाली ज्वालापुर बुलाया।

नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पांचों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया। साथ ही वाहन चालकों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी अमल में लाई गई।

पुलिस ने युवकों और उनके अभिभावकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि इस प्रकार की स्टंटबाजी, यातायात नियमों का उल्लंघन या सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने की घटनाएं दोबारा सामने आती हैं तो उनके खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला