home page

बीएएमएस छात्रों का टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन, पेट्रोल की बोतलें ले जाने से मचा हड़कंप

 | 
बीएएमएस छात्रों का टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन, पेट्रोल की बोतलें ले जाने से मचा हड़कंप


देहरादून, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के हर्रावाला परिसर में बीएएमएस छात्रों ने लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने और रुकी हुई परीक्षाएं जल्द आयोजित कराने की मांग को लेकर सोमवार को पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया। बताया गया कि कुछ छात्र अपने साथ पेट्रोल की बोतलें भी लेकर टंकी पर चढ़े, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी।

टंकी पर चढ़े छात्रों के समर्थन में अन्य विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा देने के बावजूद पिछले ढाई से चार साल से उनके परिणाम घोषित नहीं किए गए हैं। परीक्षा परिणाम लंबित होने के कारण उनके अगले सत्र और आगामी परीक्षाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

छात्रों का कहना है कि उन्होंने अपनी पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च किए हैं, लेकिन परिणाम और परीक्षाओं को लेकर विश्वविद्यालय व संबंधित कॉलेजों की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व में भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने समस्या के समाधान का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया।

वहीं, विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार कुछ निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों में छात्रों को बिना नीट और बिना काउंसलिंग के प्रवेश दिए जाने का मामला सामने आया था। इसी कारण मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय के निर्देश मिलने के बाद ही परीक्षा परिणाम जारी करने और लंबित परीक्षाओं के आयोजन के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जा सकेगा।

छात्रों का कहना है किजब तक लंबित परिणामों और परीक्षाओं को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल