श्रीदेव सुमन विवि के परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन
नई टिहरी, 31 अगस्त (हि.स.)। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ियों के विरोध में ओम छात्र संगठन ने सोमवार को विश्वविद्यालय के बादशाहीथौल मुख्यालय में प्रदर्शन किया। छात्रों ने मुख्य गेट पर सांकेतिक तालाबंदी कर नारेबाजी की और बाद में परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक प्रो. स्वाति नेगी का घेराव कर उन्हें समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा परिणाम समय पर जारी नहीं होने, रिजल्ट में त्रुटियां, परीक्षा में उपस्थित होने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाए जाने, मूल्यांकन एवं अंक निर्धारण में गड़बड़ी तथा अंकतालिकाओं में विसंगतियों के कारण विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
छात्रों ने कहा कि कई मामलों में ऑनलाइन रिजल्ट में पहले उत्तीर्ण और बाद में अनुत्तीर्ण दर्शाए जाने की शिकायत सामने आई है। उन्होंने समर्थ पोर्टल की तकनीकी खामियों, कई विषयों में बड़ी संख्या में छात्रों के अनुत्तीर्ण होने तथा रिजल्ट संबंधी त्रुटियों के चलते अन्य संस्थानों में समय पर प्रवेश नहीं मिल पाने का मुद्दा भी उठाया।
छात्रों ने कहा कि परीक्षा परिणामों में इस तरह की अनियमितताओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. नेगी ने छात्रों को एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया।
छात्रों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस मौके पर उत्तरकाशी महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष विनय मोहन चौहान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आयुष बिष्ट, संजीता राणा, संध्या नेगी, रितेष, मुकेश चौहान, राजा चौहान, मनीष राणा, ऋषभ शाह और संजय कोहली आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

