home page

सरकार की योजनाओं का प्रभावी माध्यम बनेगी युवा कल्याण सलाहकार परिषद: विनोद सुयाल

 | 
सरकार की योजनाओं का प्रभावी माध्यम बनेगी युवा कल्याण सलाहकार परिषद: विनोद सुयाल


विनोद सुयाल ने संभाला युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष का पदभार

देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल ने सोमवार को देहरादून के रायपुर स्थित युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि परिषद सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

पदभार ग्रहण करने के बाद विनोद सुयाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कहा कि विभागीय कार्यों को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा और अधिक से अधिक युवाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवा वर्ग को उनके अधिकार समय पर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी। साथ ही सरकार और जनता के बीच समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

सुयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उनका प्रयास रहेगा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि वे समर्पण और अनुशासन के साथ जनसेवा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विभिन्न जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने विनोद सुयाल का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय