(अपडेट) राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता : बालक वर्ग में चंपावत और बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ बना चैंपियन
हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स)। उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में योगस्थली स्पोटर्स स्टेडियम रोशनाबाद में चल रही राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में चंपावत की टीम विजेता और बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ विजेता बना। राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्य ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी प्रदान की। प्रतियोगिता के बेस्ट बॉक्सर का खिताब चंपावत राहुल एवं बेस्ट प्रमोशन बॉक्सर का खिताब पिथौरागढ़ के समक्षचंद ने जीता।
रविवार काे बाॅक्सिंग प्रतियाेगिता के बालक वर्ग के फाइनल में चंपावत की टीम विजेता रही और नैनीताल की टीम उपविजेता रही।इसके अलावा बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ विजेता और स्पोर्टस हॉस्टल पिथौरागढ़ उपविजेता रहे। समापन समाराेह में खेल मंत्री रेखा
आर्य ने प्रतियाेगिता के विजेता और उपविजेता टीमाें काे ट्राॅफी साैंपी। इस माैके पर खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। राज्य में लगातार आयोजित हाे रहीं खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि लोहाघाट में स्पोर्टस कालेज निर्माण की प्रक्रिया गतिमान है। इसके अलावा गर्ल्स स्पोर्टस कालेज का निर्माण भी किया जा रहा है। बालिकाओं के लिए खेलों में आने वाला समय बेहतर होगा। राज्य सरकार की खेलों को बढ़ावा देने की नीति के चलते हर घर में एक एथलीट होगा।
कार्यक्रम में हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. विशाल गर्ग ने कहा कि प्रतियोगिता में राज्य के 13 जनपदों के खिलाड़ी शामिल हुए और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। डाॅ. गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता के बेस्ट बॉक्सर का खिताब चंपावत राहुल ने एवं बेस्ट प्रमोशन बॉक्सर का खिताब पिथौरागढ़ के समक्षचंद ने जीता। डाॅ. विशाल गर्ग ने बताया कि बॉक्सिंग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतियोगिताओं का किया जाएगा।
इस अवसर पर नवीन चौहान, विपिन चौधरी, सुधीर जोशी, राकेश चौधरी, सुनीता चौधरी, विक्रम सिंह, अमित सैनी, सुदेश सैनी, दीपक पवार आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

