एसएसपी ने किया नगर कोतवाली का निरीक्षण, लापरवाही पर लगाई फटकार
देहरादून, 24 मार्च (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोभाल ने मंगलवार को कोतवाली नगर का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने विभिन्न मामलों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों का अवलोकन करते हुए एसएसपी ने सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के अनावश्यक रूप से लंबित रहने पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी निरीक्षक एवं संबंधित जांच अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही लंबित प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले जांचकर्ताओं के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए।
एसएसपी ने सीसीटीएनएस, एनसीआरबी, सीएम पोर्टल, ई-डिस्ट्रिक्ट सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं सत्यापन कार्यों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर के निरीक्षण के दौरान बैरकों, आवासीय परिसर और मैस की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए साफ-सफाई एवं भोजन की गुणवत्ता उच्च स्तर की बनाए रखने को कहा गया।
मालखाने के निरीक्षण में लंबित मुकदमाती एवं लावारिस माल के निस्तारण में देरी पर नाराजगी जताई गई। संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण एवं उचित रख-रखाव के निर्देश दिए गए। इसके अलावा थाने में उपलब्ध असलहों, दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं आपदा उपकरणों का निरीक्षण करते हुए पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से वेपन हैंडलिंग एवं क्राइम डिटेक्शन किट के उपयोग का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत एसएसपी ने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, विवेचना और न्यायालय से प्राप्त प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

