home page

भारी बारिश भी नहीं डिगा सकी शिवभक्तों का उत्साह

 | 
भारी बारिश भी नहीं डिगा सकी शिवभक्तों का उत्साह


हरिद्वार, 10 अगस्त (हि.स.)। सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को हरिद्वार में भारी वर्षा के बावजूद शिवभक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। सुबह से ही श्रद्धालु हाथों में गंगाजल और पूजा सामग्री लेकर शहर के विभिन्न शिवालयों में पहुंचने लगे। बारिश के बीच भी मंदिरों में भगवान भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।

तीर्थनगरी के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। कनखल स्थित भगवान शिव की ससुराल माने जाने वाले दक्षेश्वर महादेव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ अपनी श्रद्धा अर्पित की। इसके अलावा विल्वकेश्वर महादेव मंदिर, गौरी शंकर मंदिर, जनमासा मंदिर, नीलेश्वर महादेव, दरिद्र भंजन महादेव, दुःखभंजन महादेव और तिलभाण्डेश्वर महादेव समेत तीर्थनगरी के तमाम शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

सावन के सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करना विशेष फलदायी माना जाता है। यही वजह रही कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मंदिरों में पहुंचे। श्रावण सोमवार को लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का भी आयोजन किया गया। मंदिरों में सुबह से ही घंटे-घड़ियालों की गूंज और शिवभजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री भगवान शिव को अर्पित की।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की निगरानी करते रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मौसम की चुनौती के बावजूद दिनभर हर ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे और पूरी तीर्थनगरी शिवभक्ति में डूबी नजर आई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला