home page

खेल अभ्यास के दौरान दर्दनाक हादसा, छात्र की गई जान

 | 
खेल अभ्यास के दौरान दर्दनाक हादसा, छात्र की गई जान


चंपावत, 18 अप्रैल (हि.स.)। गोरलचौड़ खेल मैदान में अभ्यास के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में राजकीय पॉलीटेक्निक के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान सोमेंद्र सिंह बोहरा (19) के रूप में हुई है, जो संस्थान के चौथे सेमेस्टर के छात्र थे।

जानकारी के अनुसार, राजकीय पॉलीटेक्निक की प्रस्तावित खेलकूद प्रतियोगिताओं से पहले छात्र मैदान में अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्र फुटबॉल खेल रहे थे, जबकि अन्य भाला फेंक (जैवलिन थ्रो) का अभ्यास कर रहे थे। अभ्यास के दौरान अचानक एक भाला सोमेंद्र को लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, चोट बाहरी तौर पर मामूली दिख रही थी, लेकिन अंदरूनी चोट गंभीर होने की आशंका जताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी ने छात्र की मौत की पुष्टि की। वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

मृतक छात्र मूल रूप से मछियाड़ गांव का निवासी था और चम्पावत में अपनी मां दीपा बोहरा के साथ रह रहा था। उसके पिता भोपाल सिंह बोहरा गुजरात में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में तीन बहनों के बीच वह इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और मां सदमे में है, जिनका उपचार किया गया। हादसे के बाद राजकीय पॉलीटेक्निक की प्रस्तावित खेलकूद प्रतियोगिताओं को स्थगित कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी